
रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक श्रद्धालुओं को मिलेगी आवागमन की सुलभता
200 करोड़ की लागत से होगा निर्माण, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किए महाकाल दर्शन
सिंहस्थ 2028 में करोड़ो आगन्तुकों को मिलेगा लाभ
नवभारत न्यूज़
उज्जैन। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 24 फरवरी 2022 को रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक रोप-वे बनाने की घोषणा की थी। इसके लिए 200 करोड़ का प्रावधान भी किया था, अब एक बार फिर गुरुवार को उज्जैन प्रवास पर आए गडकरी ने रोपवे का भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलो से कराए जाने की घोषणा की है।
दरअसल केंद्रीय परिवहन सड़क मंत्री नितिन गडकरी उज्जैन बदनावर फोरलेन का लोकार्पण करने के लिए पहुंचे थे । धार जिले में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ,नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ,सांसद राकेश सिंह के साथ उज्जैन पहुंचे और महाकाल मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए।
नवभारत से चर्चा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं को सुलभता से महाकाल मंदिर के दर्शन हो सकेंगे, इसके लिए रोप- वे का निर्माण रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक किया जाएगा । भूमि पूजन में प्रधानमंत्री आएं ,इसका आग्रह मैं स्वयं करूंगा। रोपवे निर्माण के बाद स्टेशन से मंदिर तक 5 किलोमीटर की दूरी मात्र 7 मिनट में हो जाएगी पूरी।
64 हजार यात्री प्रतिदिन करेंगे आवागमन
उल्लेखनीय है कि स्टेशन से लेकर महाकाल मंदिर तक जो रोप – वे बनकर तैयार होगा ,उस रोपवे में प्रत्येक दिन 64,000 श्रद्धालु मंदिर तक आवागमन कर सकेंगे।यह धार्मिक पर्यटन के अनुभव को बेहतर बनाएगा और रोजगार के नए अवसर निर्माण करते हुए परिवहन के पर्यावरण-अनुकूल साधन प्रदान करेगा।
12 टावर 3 स्टेशन बनेंगे
रोप -वे का बोर्डिंग स्टेशन इंदौर गेट रेलवे स्टेशन के समीप माल गोदाम की तरफ बनेगा। दूसरा स्टेशन त्रिवेणी संग्रहालय के सामने पार्किंग स्थल और तीसरा स्टेशन महाकालेश्वर मंदिर के पास गणेश कॉलोनी (रुद्रसागर में निर्माणाधीन पैदल पुल के शुरुआती छोर के समीप) से लिंक होगा। इस रोपवे का निर्माण नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट द्वारा किया जाएगा। हाल फिलहाल रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक साइड रिक्त कराए जाने का कार्य चल रहा है, जल्द ही भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
