देहरादून टी-20 लीग 2 से 9 सितंबर तक होगी

देहरादून, 26 जुलाई (वार्ता) क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) द्वारा अनुमोदित देहरादून टी-20 लीग 2026 का आयोजन 2 सितंबर से 9 सितंबर तक अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में किया जाएगा जिसके लिए आधिकारिक खिलाड़ी चयन ट्रायल शनिवार को कमलाल शर्मा क्रिकेट ग्राउंड, नथुवावाला, देहरादून में संपन्न हुआ। देहरादून टी-20 लीग 2026 के लिए कुल 650 खिलाड़ियों ने प्लेयर ड्राफ्ट हेतु अपना पंजीकरण कराया, जिनमें से 350 से अधिक खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का मूल्यांकन चयन समिति के सदस्य धीरनराज शर्मा एवं शिवम खिराना द्वारा किया गया। ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को आगामी आधिकारिक प्लेयर ड्राफ्ट में शामिल किया जाएगा, जहाँ लीग की छह फ्रेंचाइज़ी टीमें अपने-अपने खिलाड़ियों का चयन करेंगी। ट्रायल का शुभारंभ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के मुख्य संरक्षक पी. सी. वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इनमें अध्यक्ष संदीप रावत, सचिव पीयूष कुमार रघुवंशी, संयुक्त सचिव जितेंद्र सचान, कोषाध्यक्ष अविनाश गोयल, देहरादून टी-20 लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नवनीत मिश्रा तथा निदेशक अरुण नेगी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

देहरादून टी-20 लीग 2026 का आयोजन 2 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी, देहरादून में किया जाएगा। प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइज़ी टीमें हिस्सा लेंगी। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को आधिकारिक प्लेयर ड्राफ्ट के माध्यम से इन टीमों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। मुख्य संरक्षक पी. सी. वर्मा ने कहा, “देहरादून टी-20 लीग युवा क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ उत्तराखंड में क्रिकेट की मजबूत नींव तैयार करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।”

बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पूर्व सचिव महिम वर्मा ने कहा, “देहरादून टी-20 लीग राज्य में क्रिकेट के विकास की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। यह प्रतियोगिता उभरते खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण अवसर और अनुभव प्रदान करेगी तथा उन्हें उच्च स्तरीय क्रिकेट तक पहुँचने का सशक्त मंच उपलब्ध कराएगी।” एसोसिएशन ने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को देहरादून टी-20 लीग 2026 की छह फ्रेंचाइज़ी टीमों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। यह लीग उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य में क्रिकेट के समग्र विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगी।

Next Post

नेमार के 'डबल' से सैंटोस ने चैपेकोएंस के खिलाफ मैच बचाया

Sun Jul 26 , 2026
रियो डी जेनेरो, 26 जुलाई (वार्ता) शनिवार को ब्राज़ील की सीरी ए में नेमार के दो गोल की बदौलत सैंटोस ने चैपेकोएंस के खिलाफ घरेलू मैच 2-2 से ड्रॉ कराया। वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ़ 16 में नॉर्वे से ब्राज़ील के बाहर होने के बाद अपना पहला मैच खेलते हुए, […]

You May Like