
अलवर 10 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान के अलवर में उभरते क्रिकेटरों और कोचों को उच्चतम प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए ई-एथलीड कंपनी ने गुरुवार को डिजिटल क्रिकेट कोचिंग श्रृंखला की शुरुआत की।
यह विशेषज्ञ-निर्देशित ट्यूटोरियल श्रृंखला, विश्व कप विजेता पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच संदीप पाटिल के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के दिशानिर्देशों के अनुरूप विकसित की गयी है। इस कार्यक्रम का अलवर के “आपणो मैरिज होम” में यह आधिकारिक शुभारंभ हुआ। इसे कोलकाता और जयपुर में पहले ही शुरु किया जा चुका है।
आज यहां इस अवसर पर पाटिल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य एनसीए-आधारित कोचिंग कंटेंट को अधिक से अधिक कोचों तक पहुँचाने के साथ ही युवाओं को उच्च-स्तरीय क्रिकेट प्रशिक्षण प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि व्यापक श्रृंखला कुल 23 एपिसोड्स की है, जिसमें बल्लेबाजी पर आधारित 10 एपिसोड शामिल हैं। विकेटकीपिंग के लिए चार एपिसोड राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कोच दिनेश नानावटी द्वारा संचालित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, गेंदबाजी और फील्डिंग पर 4 एपिसोड पूर्व क्रिकेटर और कोच गौतम शोम द्वारा निर्देशित किए गए हैं। समग्र प्रशिक्षण अनुभव देने के लिए 2 एपिसोड शारीरिक फिटनेस पर केंद्रित हैं, जिन्हें फिटनेस वैज्ञानिक राहुल पटवर्धन ने तैयार किया है।
पाटिल ने देश में संरचित क्रिकेट कोचिंग की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि भारत में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, एक जुनून है। फिर भी कोचिंग क्षेत्र काफी असंगठित है। बहुत कम प्रतिशत कोच ही प्रमाणित होते हैं। एनसीए हर साल सीमित संख्या में कोचिंग प्रोग्राम आयोजित करता है, जिसमें प्रत्येक राज्य से केवल कुछ ही कोचों को शामिल किया जाता है। यह पहल अधिक संख्या में कोचों को, गुणवत्ता वाली ट्रेनिंग उपलब्ध कराएगी और देश में कोचिंग के ढांचे को मजबूत बनाएगी।
