भिंड: गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में ग्वालियर-इटावा हाईवे 719 पर बिरखड़ी नहर के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रामबरन जाटव पुत्र रामजीलाल जाटव निवासी मौजी का पुरा प्रेमनगर थाना गोरमी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामबरन जाटव अपनी बाइक से अकेले होटल पर खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान बिरखड़ी नहर के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि रामबरन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस और डायल 112 मौके पर पहुंची। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। बताया गया है कि मृतक राजस्थान में हलवाई का काम करता था। वह परिवार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने अपने गांव आया हुआ था।
