अश्मिता चालिहा ने शानदार वापसी के साथ जीता पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब

आसन (दक्षिण कोरिया), 09 अगस्त (वार्ता) भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने रविवार को कोरिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में चीन की हान कियान्शी के खिलाफ एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। आज यहां 26 वर्षीय अश्मिता ने चौथी वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी हान को 14-21, 21-14, 21-14 से हराकर कोरिया मास्टर्स का खिताब जीता और इसके साथ ऐसा करने वाली पहली भारतीय बनने का गौरव हासिल किया। यह टूर्नामेंट बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 स्तर का है। यह जीत अश्मिता चालिहा का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब भी है और खास बात यह रही कि उन्होंने अपने पहले ही फाइनल में यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी जून में मकाऊ ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंची थीं। इसके साथ ही अश्मिता उन चुनिंदा भारतीय महिला एकल खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 या उससे ऊंचे स्तर के बैडमिंटन खिताब जीते हैं। इस सूची में ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल और पीवी सिंधु के अलावा देविका सिहाग और तन्वी शर्मा भी शामिल हैं।
खिताब जीतने के बाद अश्मिता चालिहा ने कहा, “जीत के बाद मैं बहुत अविश्वसनीय महसूस कर रही हूं। लेकिन मैं अभी इसे समझने की कोशिश कर रही हूं।”
इस जीत के साथ भारत ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर महिला एकल में लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया है। पिछले सप्ताह तन्वी शर्मा ने ताइपे ओपन का खिताब जीतकर यह सिलसिला शुरू किया था। अश्मिता चालिहा ने क्वार्टर-फाइनल में ही बड़ा उलटफेर करते हुए जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त हिना अकेची को हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी थी।

फाइनल में भी उन्होंने शानदार शुरुआत की और हान कियान्शी के खिलाफ 9-5 की बढ़त बना ली। हालांकि, चीनी खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक हासिल करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया और अश्मिता को पहला गेम गंवाना पड़ा। इसके बाद अश्मिता चालिहा ने अगले दोनों गेम में शानदार वापसी की। उन्होंने इंटरवल पर मिली बढ़त का बेहतरीन फायदा उठाया और 53 मिनट में फाइनल अपने नाम कर लिया। इससे पहले उन्होंने ऑल-इंडियन सेमीफाइनल में हमवतन रक्षिता रामराज को भी हराया था। अश्मिता चालिहा अब इस साल महिला एकल में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतने वाली चौथी भारतीय महिला बन गई हैं। उनसे पहले जापान ओपन में पीवी सिंधु, थाईलैंड मास्टर्स में देविका सिहाग और ताइपे ओपन में तन्वी शर्मा ने खिताब जीते थे।

Next Post

अलेक्जेंड्रोवा ने नंबर वन सबालेंका को फिर हराया

Sun Aug 9 , 2026
टोरंटो, 09 अगस्त (वार्ता) एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा ने 10 डब्ल्यूटीए टूर मुकाबलों में पांचवीं बार, आर्यना सबालेंका को हराया। इस बार शनिवार रात टोरंटो में 2 घंटे 29 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 7-6 (3), 4-6, 6-4 से जीत हासिल की। अलेक्जेंड्रोवा का अगला मुकाबला नंबर 9 सीड एलिना स्वितोलिना […]

You May Like