भोपाल। श्री विद्योदय तीर्थ क्षेत्र में शुक्रवार को आचार्य समय सागर महाराज के सानिध्य में रक्षाबंधन महापर्व एवं 1008 श्री श्रेयांसनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक महोत्सव का आयोजन श्रद्धा-भक्तिभाव के साथ होगा। मीडिया प्रभारी भविष्य जैन ने बताया कि जैन परंपरा में रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि धर्म, साधु-संतों और परस्पर रक्षा के संकल्प का पर्व है। मान्यता है कि हस्तिनापुर में राजा बली के अत्याचार से अकंपनाचार्य सहित 700 मुनिराज संकट में पड़े थे। विष्णुकुमार मुनिराज ने विक्रिया ऋद्धि से उनकी रक्षा की। इसी स्मृति में रक्षासूत्र बांधने की परंपरा शुरू हुई। महोत्सव में भगवान के मोक्ष कल्याणक की आराधना के साथ धर्म, करुणा, परोपकार और सहयोग का संदेश दिया जाएगा। श्री दिगंबर जैन पंचायत, निर्माण एवं चातुर्मास समितियों ने सकल दिगंबर जैन समाज से सहभागिता की अपील की है।
