
हरिद्वार, 10 अगस्त, (वार्ता) उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर तैनात पुलिस, सुरक्षा बलों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील घाटों और जोखिम वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने या तेज बहाव की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों और गंगा घाटों पर मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। संवेदनशील स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने डाक कांवड़ यात्रियों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान गंगा में स्नान करने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। उन्होंने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में सावधानी बेहद जरूरी है। श्रद्धालु प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें।
भारी बारिश के चलते जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि भारी बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में कोई घटना घटित होने पर इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य बिना देरी के शुरू किए जा सकें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा मार्गों, गंगा घाटों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें और सुरक्षित कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन एवं पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
