
इंदौर: कनाडिया पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को कार सहित गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 15 पेटी अंग्रेजी शराब (करीब 135 लीटर) और घटना में उपयोग आल्टो कार जब्त की गई है. जब्त शराब की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए और कार की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपए बताई गई है.
डीसीपी जोन-2 अमन सिंह राठौड़, एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह और एसीपी खजराना कुंदन सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में कनाडिया थाना पुलिस ने कार्रवाई की. गुरुवार 7 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति आल्टो कार से इंदौर से देवास की ओर बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने एस.पी. विला कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार नम्बर एमपी 13 सीबी 0337 को रोका और तलाशी ली.
कार से देवास निवासी राहुल पिता तेजा राम मालवीय उम्र 32 साल को गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से 15 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई. इसमें लंदन प्राइड, आर.एस., आर.सी., बैगपाइपर सहित अन्य ब्रांड की शराब शामिल है. पुलिस आरोपी से शराब के स्रोत और इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.
