
नयी दिल्ली, 24 मई (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट कर राज्य को उदार वित्तीय सहायता देने और लम्बित राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया।
श्री मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की शासी परिषद की 10वीं बैठक में हिस्सा लेने यहां आए श्री सुक्खू ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की और राज्य में चल रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने और हाल के घटनाक्रम में सैन्य कार्रवाई के दौरान तुर्की के पाकिस्तान को समर्थन देने के बाद बने माहौल में राज्य के सेब उत्पादकों के हितों की रक्षा का अनुरोध करने के साथ ही तुर्की और अन्य देशों से सेब के आयात को लेकर भी चर्चा की। सूत्रों के अनुसार श्री मोदी ने सेब के आयात के मामले की समीक्षा करने तथा अन्य सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल को वर्ष-2032 तक आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है। इस उद्देश्य के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री को प्रदेश सरकार की पर्यटन, हरित ऊर्जा, विद्युत और अन्य क्षेत्रों में की गई पहल के बारे में जानकारी दी और जल विद्युत परियोजनाओं में राज्य के हितों की रक्षा की पैरवी की।
