
सिंगरौली । नगर पालिक निगम सिंगरौली के नवनियुक्त एल्डरमैनों का ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय के आवास पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर सिंगरौली विधायक राम निवास शाह एवं ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने नवनियुक्त एल्डरमैन कालिका गुप्ता, किरण सोनी, गिरजा पाण्डेय, मान प्रसाद पाल, सम्पत शाह, किरण सागर खैरवार, नीरज सिंह परिहार एवं हरिदास गुप्ता का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि ननि के एल्डरमैन परिषद के महत्वपूर्ण सदस्य होते हैं। उनके अनुभव, सुझाव एवं सक्रिय सहभागिता से नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास कार्यों की निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की समस्याओं को समझते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए भी निरंतर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त एल्डरमैन जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ननि स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने नगर के विकास, नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्षद सीमा जायसवाल, भारतेन्दु पाण्डेय, राम नरेश शाह, आषीश बैस सहित जन प्रतिनिधि गण मौजूद रहे।
