गंगाजल बावड़ी के तल से मिला लाल पत्थर का प्राचीन शिवलिंग

नामली। नगर की प्राचीन और ऐतिहासिक गंगाजल बावड़ी में चल रहे सफाई अभियान के दौरान एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह और आस्था का माहौल बना दिया।

मंगलवार को सुबह बावड़ी के तल से वर्षों पुराना लाल पत्थर से निर्मित एक शिवलिंग मिलने के बाद श्रद्धालुओं का तांता लग गया। सोशल मीडिया पर सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचने लगे। सफाई के दौरान मिले शिवलिंग को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि जिस बावड़ी से वर्षों से धार्मिक आयोजनों के लिए गंगाजल भरा जाता रहा है, वहां से शिवलिंग का मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं है। इस बीच नगर परिषद प्रशासन ने बावड़ी के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने पर सहमति जताई है। बावड़ी पर लोहे की जाली लगाई जाएगी ताकि उसमें फूल-मालाएं और अन्य सामग्री न डाली जा सके। साथ ही गर्मी के दिनों में जल संकट से राहत के लिए परिसर में एक हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी भी स्थापित की जाएगी।

सामुहिक प्रयास से शुरू हुई थी सफाई: यह सफाई अभियान स्थानीय पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग और क्षेत्रीय पार्षद प्रहलाद राठौड़ के प्रयासों के बाद शुरू हुआ। लंबे समय से उपेक्षित पड़ी बावड़ी में गंदगी और धार्मिक सामग्री जमा होने से इसकी स्थिति खराब हो रही थी। पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के दबाव के बाद नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए दो दिन पहले विशेष सफाई अभियान शुरू कराया।

 

शिवलिंग की विधि-विधान से स्थापना होगी

 

क्षेत्रीय पार्षद प्रहलाद राठौड़ ने बताया कि प्राप्त शिवलिंग की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बावड़ी की मुंडेर पर स्थापना की जाएगी। विद्वान पंडितों और धर्माचार्यों के मार्गदर्शन में इसे ‘जलकेश्वर महादेव’ के रूप में स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं का मानना है कि यह खोज न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगी, बल्कि नामली की ऐतिहासिक धरोहर को नई पहचान भी देगी।

Next Post

ट्रांसफार्मर से 3 मोरों की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर

Tue Jun 2 , 2026
दमोह। विगत दिनों विद्युत ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से तीन राष्ट्रीय पक्षी मोरों की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है.शेष मोरों को सुरक्षित करने के लिए रेस्क्यू टीम लगातार लगी हुई है. वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) ईश्वर जरांड़े के निर्देशन और रेंजर प्रभारी अखिलेश चौरसिया के […]

You May Like