
जबलपुर। कटंगी बायपास के पास करीब ढाई एकड़ में फैले यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग भड़क उठी जिसमें वहां डेलीवरी, रिलायंस और ब्रिटानिया कंपनी के गोदामों में रखा लाखों का माल जलाकर खाक कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर तक आग की ऊंची ऊंची लपटें लोगों को नजर आ रहीं थीं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे फायर अमले ने मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार गोदामों में तेल, घी, चावल, गेंहू, दाल, किराना सामान जलकर खाक हो गया है। लॉजिस्टिक पार्क गौतम नाहटा और सिद्धार्थ मेहता का बताया जा रहा है। गोदामों में तेल , घी होने के कारण मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे तक आग बार बार सुलग रही थी जिस दौरान फायर अमले द्वारा आग को शांत कराया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने इस दौरान कहा कि फायर ब्रिगेड के अमले की सजगता से ये अच्छा हुआ कि आग वहीं पास में स्थित टायर, पेंट के गोदाम तक नहीं पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए टैंकर सहित कुल 12 नगर निगम के फायर वाहनों की मदद ली गई थी। वहीं आग की सूचना मिलते ही मौके पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भी पहुंच गए थे।
तीन पार्टिशन में विभाजित थे गोदाम
प्रत्यक्षदर्शी एशियन पेंट्स कंपनी के सुपरवाइजर मोहन बर्मन ने नवभारत को बताया कि उनकी रात में ड्यूटी थी और वे अपनी ड्यूटी दे रहे थे कि तभी उनके सामने यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क में स्थित डेलीवरी, ब्रिटानिया और रिलायंस कंपनी के गोदामों में रात करीब पौने ग्यारह बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़क उठी। कटंगी बायपास में मौजूद यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क में तीन पार्टिशन बने हुए थे जिसमें तीनों अलग अलग कंपनियों के गोदाम संचालित हो रहे थे और इनमें लाखों का माल रखा हुआ था। मोहन के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तक वेयरहाउस में आग सुलगती रही।
रात में कर्मचारी नहीं थे मौजूद
जानकारी के अनुसार कटंगी बायपास में स्थित यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क के तीनों गोदाम रात में बंद रहते हैं जिस कारण वहां कर्मचारी मौजूद नहीं थे। अगर घटना के वक्त वहां करीब 40 से 50 कर्मचारी मौजूद रहते तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था । क्योंकि तीनों कंपनियों के गोदामों में सौ से डेढ़ सौ कर्मचारी कार्यरत हैं।
