
भोपाल। बैरसिया थाना क्षेत्र में सायबर जालसाजों ने फर्जी बैंक एप के जरिए ठगी की वारदात कर दी. पीड़ित के खाते से जालसाजों ने करीब दो लाख रूपए की राशि ट्रांसफर कर लिए. शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. बैंक की मदद से पुलिस जालसाजों के बारे में जानकारी जुटाते हुए तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक फरियादी उमेश विश्वकर्मा ने अपने कुछ परिचितों से रूपए उधार लिए हैं. रूपए वापस लौटाने के लिए उमेश इंटरनेट बैकिंग एप का भी इस्तेमाल करना चाह रहे थे. 3 मई को उन्होंने बैंक का एप अपने मोबाइल पर डाउनलोड किया, जोकि जाली एप था. सायबर जालसाजों ने उमेश को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से इस दौरान एक लाख 88 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए. ठगी का एहसास होने पर फरियादी ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. बैरसिया थाना पुलिस ने, जिन खातों में रूपए ट्रांसफर हुए हैं. उन खाता धारकों के बारे में बैंक की मदद से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.
