सीहोर। सिद्धपुर माझी आदिवासी समाज संघ मांझी पंचायत द्वारा रविवार को इलाई माता वार्षिक पूजन महोत्सव के अवसर पर शहर में भव्य बाइक रैली निकाली गई. रैली का शहर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया. कार्यक्रम के अंत में अभिषेक, हवन, महाआरती एवं सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत केवट चौराहा स्थित महाराजा निषाद चौक एवं हनुमान मंदिर में महाराजा निषाद और भगवान हनुमान के विधिवत पूजन-अर्चन से हुई. इसके बाद मुख्य संरक्षक मनोहर रायकवार बाबा के मार्गदर्शन तथा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश रायकवार के नेतृत्व में भव्य बाइक रैली निकाली गई.
बाइक रैली कोतवाली चौराहा, सराय चौराहा, पान चौराहा, बड़ा बाजार, अटल चौराहा, तहसील चौराहा, भोपाली फाटक, तिलक पार्क एवं बजरिया रोड़ होते हुए इलाई माता मंदिर पहुंची. रैली में शामिल समाजजनों ने हनुमान फाटक मंदिर एवं कुलदेवी इलाई माता मंदिर में निशान ध्वज अर्पित किए. मार्ग में सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा नागरिकों ने स्वागत किया.
