राष्ट्रीय निशानेबाजी में एमपी पुलिस के अधिकारी ने जीता स्वर्ण पदक

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गर्व का क्षण तब आया जब पुलिस मुख्यालय की वायरलेस शाखा में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (वायरलेस) के निज सहायक के रूप में पदस्थ निरीक्षक (मंत्री) राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 की 10 मीटर एयर पिस्टल (मास्टर्स वर्ग) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने राकेश कुमार कुशवाह को 5,000 रुपये की नगद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपलब्धि से न केवल मध्यप्रदेश पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश की प्रतिष्ठा राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है।

राकेश कुमार कुशवाह इससे पहले भी मध्यप्रदेश पुलिस राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुके हैं। अपनी शासकीय जिम्मेदारियों के साथ खेल के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने एक नई मिसाल कायम की है।

विशेष बात यह है कि मध्यप्रदेश पुलिस के आशुलिपिक एवं लिपिकीय संवर्ग से राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले वे पहले अधिकारी माने जा रहे हैं। इसे पुलिस के मंत्री वर्ग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राकेश कुमार कुशवाह की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और नियमित अभ्यास से शासकीय सेवाओं में कार्यरत कर्मचारी भी खेल सहित अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उनकी उपलब्धि विभाग के प्रशासनिक एवं लिपिकीय कर्मचारियों सहित सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

Next Post

भोपाल में 'रन फॉर लाइफ' मैराथन में उमड़े छह हजार प्रतिभागी

Sun Jul 26 , 2026
भोपाल। नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को भोपाल में आयोजित ‘रन फॉर लाइफ – नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ मैराथन में करीब छह हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा राज्यव्यापी नशा जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस […]

You May Like