भोपाल में ‘रन फॉर लाइफ’ मैराथन में उमड़े छह हजार प्रतिभागी

भोपाल। नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को भोपाल में आयोजित ‘रन फॉर लाइफ – नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ मैराथन में करीब छह हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा राज्यव्यापी नशा जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस मैराथन की शुरुआत टीटी नगर स्टेडियम से हुई, जिसमें विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, सिविल डिफेंस समितियों तथा विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

मैराथन का आयोजन तीन श्रेणियों—2 किलोमीटर वॉकाथन, 5 किलोमीटर रन और 10 किलोमीटर दौड़—में किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा, पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए नागरिकों से ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान को जनआंदोलन बनाने और नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Next Post

दतिया उपचुनाव से पहले निरीक्षकों-उप निरीक्षकों के तबादले, निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद आदेश जारी

Sun Jul 26 , 2026
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच राज्य शासन ने भारत निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 14 निरीक्षक एवं उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक अस्थायी […]

You May Like