
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच राज्य शासन ने भारत निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 14 निरीक्षक एवं उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नई पदस्थापना दी गई है।
आदेश के तहत निरीक्षक केहरी परिहार को थाना प्रभारी अजाक, दतिया से पुलिस मुख्यालय भोपाल तथा निरीक्षक मेलीराम उईके को पुलिस मुख्यालय भोपाल से थाना प्रभारी अजाक, दतिया पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा उप निरीक्षक अमित ओसारे, नीरज कुमार, रचना माहौर, अर्चना पाल, भूपेन्द्र सिंह जाट और हरिओम शर्मा को दतिया जिले से पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है। वहीं भोजराम भगत, कौशलेन्द्र सिंह गुर्जर, राजीव बिरथरे, बलराम मांझी, भुवनेश शर्मा और हरिकेश बघेल को क्रमशः अशोकनगर, भिंड और ग्वालियर से स्थानांतरित कर दतिया जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है।
ये तबादले भारत निर्वाचन आयोग के 26 जुलाई 2026 के अनुमोदन के आधार पर किए गए हैं और आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
