सागर। सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने वेयरहाउस में हुए विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। फरियादी पप्पू उर्फ पवन अहिरवार, निवासी राजा बिलहरा, थाना सुरखी ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथियों के साथ शासकीय वेयरहाउस बम्होरी के कार्यालय में बैठा हुआ था। उसी समय वेयरहाउस के दूसरे कमरे में मौजूद भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा एवं भूपेन्द्र शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद एवं गाली-गलौज होने लगी।मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया, लेकिन इसी दौरान आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा लोहे का पाइप लेकर आया और जान से मारने की नीयत से पीछे से भूपेन्द्र शर्मा के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल भूपेन्द्र शर्मा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज हेतु हमीदिया अस्पताल, भोपाल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घायल की मृत्यु उपरांत प्रकरण में हत्या संबंधी धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार उर्फ कृष्ण स्वरूप पिता मथुरा उर्फ गिंदे शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम खुरई थावरी, थाना सुरखी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया।
