भोपाल को मेट्रो की रफ्तार: कल से आमजन के लिए खुलेगा सफर का नया अध्याय,आज लोकार्पण

भोपाल: राजधानी को आधुनिक शहरी परिवहन की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। भोपाल मेट्रो का औपचारिक लोकार्पण आज दोपहर बाद मिंटो हॉल में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। हालांकि मेट्रो में आम यात्रियों का सफर कल 21 दिसंबर से शुरू होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सुभाष नगर स्टेशन से मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर स्वयं भी यात्रा करेंगे।

भोपाल मेट्रो के तहत दो प्रमुख कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। ऑरेंज लाइन करोंद से एम्स तक 16.74 किलोमीटर लंबी है, जबकि ब्लू लाइन भदभदा से रत्नागिरि तक 14.16 किलोमीटर की होगी। फिलहाल पहले चरण में ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर सुभाष नगर से एम्स तक 6.22 किलोमीटर हिस्से पर मेट्रो का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस सेक्शन में कुल 8 स्टेशन होंगे, जिनमें एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, केंद्रीय विद्यालय और सुभाष नगर शामिल हैं। दोनों लाइनों का डिपो सुभाष नगर में बनाया गया है, जबकि पुल बोगदा में जंक्शन विकसित होगा।

मेट्रो ट्रेन की अधिकतम गति 40 किमी प्रति घंटा रहेगी। शुरुआत में तीन कोच वाली ट्रेनें चलेंगी, जिनमें औसतन 250 से 350 यात्री सफर कर सकेंगे। रोजाना कुल 17 ट्रिप संचालित होंगी। एम्स से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे और आखिरी शाम 7 बजे रवाना होगी, जबकि सुभाष नगर से पहली ट्रेन 9:40 बजे और अंतिम 6:25 बजे चलेगी। फिलहाल 9 मेट्रो ट्रेनें भोपाल पहुंच चुकी हैं, भविष्य में 27 ट्रेनें चलाने की योजना है।

किराया संरचना में मेट्रो को किफायती रखा गया है। 1 से 2 स्टेशन के लिए 20 रुपये, 3 से 5 स्टेशन के लिए 30 रुपये और 6 से 8 स्टेशन के लिए 40 रुपये किराया तय किया गया है। अभी ऑनलाइन टिकट की सुविधा नहीं होगी, यात्रियों को मैन्युअल टिकट लेना होगा। पहले सप्ताह किसी तरह की मुफ्त यात्रा की व्यवस्था नहीं की गई है।
भोपाल मेट्रो के शुरू होने से राजधानी के यातायात दबाव में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित, तेज और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन विकल्प मिलेगा। यह परियोजना भोपाल को आधुनिक शहरी पहचान देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Next Post

डीआरडीई में सीपी ग्राम पर चल रही राष्ट्रीय कार्यशाला

Sat Dec 20 , 2025
ग्वालियर: रक्षा अनुसंधान तथा विकास स्थापना में सीपी ग्राम केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली पर केंद्रित राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। सीपी ग्राम पोर्टल भारत सरकार द्वारा लोक शिकायत समाधान हेतु जारी किया गया एक महत्त्वपूर्ण पोर्टल है जिससे भारत सरकार के समस्त मंत्रालय और […]

You May Like

मनोरंजन