ग्वालियर: रक्षा अनुसंधान तथा विकास स्थापना में सीपी ग्राम केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली पर केंद्रित राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। सीपी ग्राम पोर्टल भारत सरकार द्वारा लोक शिकायत समाधान हेतु जारी किया गया एक महत्त्वपूर्ण पोर्टल है जिससे भारत सरकार के समस्त मंत्रालय और विभाग जुड़े हुए हैं।इस कार्यशाला में डीआरडीओ की देश भर में स्थित प्रयोगशालाओं से 80 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
कार्यशाला के आयोजन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में डीआरडीओ मुख्यालय नईदिल्ली से डॉ. संजय कुमार द्विवेदी, निदेशक मौजूद रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर जोर देते हुए लोक शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही इस कार्यशाला की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उद्घाटन सत्र को ऑनलाइन माध्यम द्वारा डीआरडीओ के महानिदेशक (मानव संसाधन) डॉ मयंक द्विवेदी ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर डीआरडीई ग्वालियर के निदेशक डॉ मनमोहन परीडा ने अपने स्वागत भाषण में डीआरडीई के कार्य क्षेत्र और उपलब्धियों का विवरण देते हुए देश की समस्त प्रयोगशालाओं से पधारे वैज्ञानिक एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।इसके पूर्व कार्यशाला के आयोजन सचिव डॉ मुकेश कुमार मेघवंशी ने कार्यशाला की रूपरेखा और गतिविधियों पर ब्यौरा प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र के बाद आयोजित हुए तकनीकी सत्रों में कुल 06 व्याख्यान आयोजित हुए जिनमे कार्मिक निदेशालय डीआरडीओ मुख्यालय नईदिल्ली से पधारे वक्ताओं ने सी पी ग्राम पोर्टल के विभिन पहलुओं और कार्यप्रणालियों का विस्तार से परिचय दिया।
