सतना/मैहर :सतना सांसद गणेश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न मैहर जिले की पहली दिशा समिति की बैठक में मैहर शहर की उपजेल परिसर की अनुपयोगी भूमि का निर्वतन कर तैयार की गई पुर्नधनत्वीकरण योजना के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि म.प्र. शासन की पुर्नधनत्वीकरण नीति के तहत मैहर उपजेल परिसर की 0.753 हेक्टेयर भूमि निर्वतन की 26 करोड 53 लाख रूपये की योजना बनाई है।
इसमें 37 करोड 30 लाख रूपये लागत से तहसील मैहर के वंशीपुर में 15.016 हेक्टेयर भूमि पर नवीन जिला जेल परिसर का निर्माण किया जायेगा। जिसमें 25 शासकीय आवास गृह, जेल ट्रेनिंग सेंटर भी बनेंगे। नवीन जेल भवन की क्षमता 300 कैदियों के रखने के लिए होगी। सांसद श्री सिंह ने कहा कि नवगठित मैहर जिले के लिए पुराने रेस्ट हाउस सहित अन्य अनुपयोगी शासकीय भूमि के लिये भी पुर्नधनत्वीकरण की योजना बनाई जानी चाहिए। जिनके निर्वतन से प्राप्त राशि से नया सर्किट हाउस और फ्लाई ओव्हर का निर्माण किया जा सके।
