
नीमच। जिले की मनासा तहसील में बुधवार को बरखेड़ा-बरखेड़ी रास्ते पर गैलेक्सी पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल के करीब 40 बच्चों से भरी वैन पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। वारदात के बाद वैन का ड्राइवर मौके से भाग निकला। यह वैन बरखेड़ा, बरखेड़ी और पावटी इलाके के बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। रास्ते में अचानक वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। गाड़ी पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पास के गांव वाले तुरंत मौके पर दौड़े और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की इस मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारी गुस्सा है। गांव वालों का आरोप है कि स्कूल वैन में क्षमता से बहुत ज्यादा बच्चे ठूस-ठूस कर बिठाए गए थे, जिससे बच्चों की जान के साथ सरेआम खिलवाड़ किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ, गाड़ी की फिटनेस कैसी थी और इसमें ड्राइवर और स्कूल प्रबंधन की क्या लापरवाही रही है। इसके साथ ही पुलिस मौके से भागे ड्राइवर की भी तलाश कर रही है।
