गुना: शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और पिछले कुछ दिनों से झपटमारी की वारदातों में तेजी आई है। पिछले 24 घंटे के भीतर शहर में मंगलसूत्र और चैन स्नीचिंग की दो अलग-अलग सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं। जहाँ एक ओर बाइक सवार बदमाश एक सरकारी महिला डॉक्टर का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए, वहीं दूसरी ओर शहर के बीचो-बीच सर्राफा बाजार में एक बुजुर्ग महिला से लूट का प्रयास कर रहे बदमाश को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दबोच लिया।
पहली घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की है। जिला अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टर रश्मि दीक्षित महावीरपुरा एबी रोड पर अपने बेटे के साथ टहल रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब तीन तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र छीनकर रफूचक्कर हो गए। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, हालांकि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाशों की बाइक पर अधूरी नंबर प्लेट थी, जिससे उनकी पहचान करने में पुलिस को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, दूसरी वारदात मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे शहर के सबसे व्यस्ततम सर्राफा बाजार में घटित हुई। यहाँ मंदिर से घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला (जो शहर के प्रतिष्ठित अनुश्री गारमेंट परिवार की सदस्य बताई जा रही हैं) को निशाना बनाया गया। बदमाश ने बुजुर्ग महिला के हाथ से चांदी की चैन छीन ली और सोने की अंगूठी भी निकालने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाते ही सर्राफा बाजार के दुकानदार और राहगीर तुरंत हरकत में आए और बदमाश को पीछे दौड़ा लिया। कुछ युवकों ने पीछा करके आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही आरोपी की जमकर खबर ली और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। यह पूरी वारदात बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
पकड़े गए आरोपी से पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह आशंका जताई जा रही है कि शहर में बाहरी बदमाशों की कोई गैंग सक्रिय है। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर शहर में मंगलसूत्र लूट और झपटमारी की कई वारदातें हो चुकी हैं, जिससे आम जनता और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में चल रहे पंच कल्याणक महोत्सव के चलते शहर में बाहरी अपराधियों की आवाजाही बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस दोनों ही मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है और पकड़े गए आरोपी से अन्य वारदातों के सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
