
सीधी। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिश्ते के युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता नवंबर माह में परिजनों के साथ रिश्तेदारी में गई थी, जहां आरोपी युवक ने अलग-अलग अवसरों पर उसके साथ दुष्कर्म किया। 20 नवंबर को पीड़िता को वापस कुसमी लाया गया, जहां उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 24 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और एसडीओपी कुसमी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने साइबर सेल की सहायता से आरोपी को छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से गिरफ्तार किया। मामले में एक अन्य महिला आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
