
दमोह. देहात थाना क्षेत्र के जबलपुर नाका चौकी इलाके में आने वाले मारुताल की टेक पर 9 मार्च की रात 9:30 बजे हुए एक अंधे हत्याकांड का पुलिस ने गुरुवार शाम 6 बजे खुलासा कर दिया.इस हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है,जिसमें से एक नाबालिग है. जिसकी उम्र 14 साल है. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से एक बालिग आरोपी संजू यादव 19 को गुरूवार को जिला जेल भेज दिया गया है,वहीं दूसरे आरोपी को सागर सुधार जेल भेजा गया है.मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी के निर्देशन में करते हुए एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि 9 मार्च की रात में मृतक कमल सिंह राजपूत 65 अपने किसी साथी के साथ कहीं से लौट रहा था, जबलपुर नाका बाईपास पर अपने ही साथी से उसका विवाद हो गया, तभी यहां से आरोपी आम चोपरा निवासी संजू यादव अपने नाबालिग दोस्त के साथ पहुंचा और बीच बचाव किया, लेकिन मृतक से ही आरोपियों की बहस हो गई.आरोपी पहले आगे तक चले गए और लौटकर फिर लाठी लेकर पहुंचे.उन्होंने मृतक कमल सिंह पर लाठी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. खबर मिलने पर चौकी प्रभारी आनंद कुमार मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल लेकर आए. हालत नाजुक होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. यहां 13 मार्च को घायल की मौत हो गई.पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 302 लगा दी. उसके बाद काफी खोजबीन करने पर पुलिस को कुछ सबूत हाथ लगे इसके बाद आरोपी गिरफ्तार हुए.
