भोपाल। देश के लाखों छात्र-युवाओं के निरंतर संघर्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उनकी आवाज़ को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती एवं प्रतिबद्धता के साथ उठाए जाने के परिणामस्वरूप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अंततः अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा। यह केवल एक मंत्री का इस्तीफ़ा नहीं, बल्कि देश के छात्र-युवाओं के संघर्ष, जनदबाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की ऐतिहासिक जीत का प्रतीक है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देश के करोड़ों छात्र-युवाओं की इस ऐतिहासिक जीत तथा राहुल गांधी के संघर्षशील नेतृत्व के सम्मान में जिला कांग्रेस कमेटी, भोपाल शहर द्वारा आज “विजय मार्च” का आयोजन किया गया।
विजय मार्च की शुरुआत व्यापम चौराहा से हुई और बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ इसका समापन हुआ। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, छात्रों के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के छात्रों ने अपने साहस, धैर्य और लोकतांत्रिक संघर्ष से यह साबित कर दिया है कि जब युवा एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाते हैं, तो सत्ता को भी जनभावनाओं के आगे झुकना पड़ता है। कांग्रेस पार्टी आगे भी छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
विजय मार्च में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री ओमकार मरकाम, विधायक आरिफ मसूद, मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना, जिला कांग्रेस संगठन महासचिव अभिषेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव योगेंद्र सिंह चौहान, राजकुमार सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुश्री रोशनी यादव, जिला कांग्रेस पदाधिकारीगण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षगण, कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-युवा साथी उपस्थित रहे।
