
सागर। जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी (जेएनपीए), सागर में आयोजित दो माह के आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर जिला आबकारी अधिकारी एवं आबकारी उप निरीक्षक के द्वितीय बैच के 43 प्रशिक्षु अधिकारियों का शनिवार को पासआउट समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों ने राष्ट्र की सेवा, कानून के निष्पक्ष पालन तथा जनहित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ ली।
18 मई से 23 जुलाई 2026 तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को आबकारी अधिनियम, विधिक प्रक्रियाओं, अपराध विवेचना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, फील्ड क्राफ्ट, व्यावहारिक पुलिसिंग तथा पेशेवर कौशल का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
समारोह की अध्यक्षता जेएनपीए की पुलिस अधीक्षक प्रतिमा पटेल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक पासिंग आउट परेड से हुई, जिसमें प्रशिक्षुओं ने अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली तथा सभी प्रशिक्षुओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
प्रशिक्षण के दौरान शैक्षणिक प्रदर्शन, शारीरिक प्रशिक्षण, फायरिंग, परेड तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में आबकारी एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अकादमी के अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रशिक्षुओं के परिजन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जनसेवा, व्यावसायिक उत्कृष्टता और ईमानदार कार्यशैली के संकल्प के साथ हुआ।
