
ग्वालियर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर केंद्र सरकार और एनटीए के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने नीट और जेईई परीक्षा कराने वाली एजेंसी के अध्यक्ष प्रदीप जोशी की नियुक्ति को लेकर बड़ा घपला और गड़बड़ी होने का आरोप लगाया है।
दिग्विजय ने कहा कि शिक्षा विभाग की संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने करीब दो साल तक काम किया है और इस दौरान उन्होंने कई अनियमित्ताओं को नजदीक से देखा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एनटीए के चेयरमैन प्रदीप जोशी, जो कि आरएसएस के प्रचारक रहे हैं, उनकी गलत नियुक्ति तत्कालीन राज्यपाल भाई महावीर द्वारा 2002 में जबलपुर में की गई थी, जिसका उन्होंने विरोध भी किया था।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदीप जोशी पर पहले भी कई पदों पर रहते हुए गड़बड़ियों के आरोप लगे हैं और छत्तीसगढ़ व अन्य जगहों पर भी उन्हें विवादों के चलते हटाया गया था। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक होने के खुलासे के बाद अब एनटीए अध्यक्ष प्रदीप जोशी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
