सिंगरौली:जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित रामलीला मैदान के पीछे की जर्जर सड़क पर शुक्रवार को एक बार फिर खस्ताहाल सड़क के कारण एक हाँथ ठेला और एक इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑटो चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उबड़-खाबड़ सतह होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि रामलीला मैदान के पीछे की इस सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लग सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
