मुंबई, 23 जुलाई (वार्ता) मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में छह प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,513 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक कुल कर पश्चात लाभ दर्ज किया है जिसमें अन्य स्रोतों से हुई व्यापक आय भी शामिल है। पिछले साल इसी दौरान कंपनी को अन्य स्रोतों से हुई व्यापक आय सहित कुल कर पश्चात लाभ 1430 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि इस दौरान कंपनी को परिचालन से हुआ कर पश्चात लाभ सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 609 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 534 करोड़ रुपये थी। कंपनी के अनुसार यह उपलब्धि मुख्य रूप से कंपनी के एसेट मैनेजमेंट व्यवसाय में मजबूत वृद्धि के कारण हासिल हुई।
पहली तिमाही में कंपनी के एसेट मैनेजमेंट कारोबार का कर पश्चात लाभ (शुद्ध लाभ) पिछले साल इसी तिमाही की तुलना में 73 प्रतिशत प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज करते हुए 245 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। अब यह परिचालनों से हुए कंपनी के कुल शुद्ध लाभ में 40 प्रतिशत का सबसे बड़ा योगदानकर्ता बन गया है।
चौथी तिमाही में कंपनी के प्रबंधनाधीन कुल सम्पत्ति (एयूएम) में भी वार्षिक आधार पर 31 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हुई और यह बढ़कर 2.12 लाख करोड़ रुपये हो गयी। इसी तिमाही में कंपनी का प्राइवेट वेल्थ मैनेजमेंट से वार्षिक आवर्ती राजस्व (एआरआर ) 42 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 157 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस तिमही में इस कारोबार में शुद्ध सम्पत्ति प्रवाह 37 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,929 करोड़ रहा, जबकि एयूएम 37 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ यह 2.4 लाख करोड़ रुपये रही। इस दौरान रिलेशनशिप मैनेजर 26 प्रतिशत बढ़कर 441 हो गये।
विज्ञप्ति के अनुसार रिटेल वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार में एआरआर राजस्व में 26 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि होकर यह 304 करोड़ रुपये हो गयी। कंपनी की पूंजी बाजार और निवेश बैंकिंग शुल्क आधारित आय तिमाही-दर-तिमाही 48 प्रतिशत बढ़ी।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के आवास ऋण कारोबार में शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़कर 32 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का ऋण वितरण 64 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 646 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस कारोबार में कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसम्पत्तियां 23 प्रतिशत बढ़कर 6,164 करोड़ रुपये हो गयी।
कंपनी का ट्रेजरी पोर्टफोलियो 22 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ 10,482 करोड़ तक पहुंच गया।
