जयपुर, (वार्ता) गणेश हनमंतगोल (7) ने अंतिम रेड पर तीन अंक लेकर सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में सोमवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन के 34वें मुकाबले में तेलुगू टाइटंस के खिलाफ बेंगलुरू बुल्स की दो अंक की जीत तय की। अंतिम 22 सेकेंड तक टाइटंस एक अंक से आगे थे और बुल्स को प्रमुख रेडर अलीरेजा मीरजैन (11) बाहर थे लेकिन गणेश ने एक बेहतरीन रेड के साथ बुल्स को 34-32 के अंतर से जीत दिला दी।
यह बुल्स की लगातार चौथी जीत है। टाइटंस पूरे समय मैच में हावी रहे थे लेकिन अंततः उन्हें सात मैचो में सीजन की चौथी हार मिली। टाइटंस के लिए भरत (13) ने सुपर-10 लगाया। वैसे इस मैच को अलीरेजा के शानदार प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा क्योंकि उन्होंने सिर्फ अपनी बदौलत बुल्स को मैच में बनाए रखा।
मुकाबला थोड़ा धीमा शुरू हुआ। दो मिनट तक स्कोर 1-1 था लेकिन बुल्स ने जल्द ही रफ्तार पकड़ी और 4-1 की लीड ले ली। इसके बाद भरत ने मल्टीप्वाइंटर के साथ स्कोर 3-4 कर दिया। इसके बाद टाइटंस ने जल्द ही स्कोर 4-4 किया लेकिन 10 मिनट की समाप्ति तक बुल्स ने 6-5 की लीड ले ली थी। ब्रेक के बाद टाइटंस ने स्कोर 6-6 कर दिया। इसके बाद 7-7 के स्कोर पर बुल्स के डिफेंस ने एक बार फिर भरत का शिकार कर लिया।
विजय ने हालांकि मल्टीप्वाइंटर के साथ टाइटंस ने 10-9 की लीड ले ली और फिर आकाश को लपक अजीत ने फासला 2 का कर दिया और फिर मीरजैन को आउट कर टाइटंस ने फासला 3 का कर बुल्स के लिए सुपर टैकल आन कर दिया। फिर भरत ने सत्यप्पा को आउट कर बुल्स को दो खिलाड़ियों तक सीमित किया। भरत ने बुल्स को आलआउट की ओर धकेला लेकिन पंकज ने मल्टीप्वाइंटर के साथ आलआउट बचा लिया। हाफटाइम तक टाइटंस 14-11 से आगे थे। हाफटाइम के बाद शिंदे ने पंकज को लपक लिया औऱ फिर टाइटंस ने आलआउट लेते हुए 18-11 की लीड ले ली। आलइन के बाद अंक बरसने लगे थे और बुल्स ने वापसी की राह पकड़ ली थी। पांच मिनट के खेल में टाइटंस पांच अंक से आगे थे लेकिन गणेश ने दो अंक की रेड के साथ स्कोर 17-20 कर दिया। इसके बाद हालांकि लगातार दो अंक लेकर टाइटंस ने फासला 5 का कर लिया। बहरहाल, 30 मिनट की समाप्ति तक टाइटंस ने 24-19 की लीड ले ली थी।
इसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला लेकिन अलीरेजा ने दो अंक की रेड के साथ न सिर्फ स्कोर 22-25 किया बल्कि टाइटंस को दो खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया। अलीरेजा ने अगली रेड पर सागर को आउट कर टाइटंस को आलआउट तक ला दिया और विजय को लपक बुल्स ने स्कोर 26-27 कर दिया। आलइन के बाद अलीरेजा ने स्कोर बराबर किया और फिर बुल्स को लीड दिला दी। स्कोर हालांकि फिर बराबर हो गया। इस बीच भरत ने टाइटंस को एक अंक से आगे कर दिया लेकिन अलीरेजा ने दो अंक के साथ बुल्स को आगे कर दिया। साथ ही उन्होंने सुपर-10 पूरा किया। फिर भरत ने स्कोर बराबर कर सुपर-10 पूरा कर लिया। 30-31 के स्कोर पर भरत ने अलीरेजा का शिकार कर मुकाबले में रोमांच ला दिया। भरत ने फिर बोनस के साथ स्कोर 32-31 कर दिया। गणेश बुल्स के लिए आखिरी रेड पर गए और तीन अंक के साथ बुल्स की जीत पक्की कर दी।
