मप्र पर हर दिन 213 करोड़ का कर्ज, संपत्तियां बेच रही सरकार: जीतू पटवारी

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर किसानों, युवाओं और आम जनता की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज सबसे अधिक पीड़ित किसान और युवा हैं, जिन्हें भाजपा की नीतियों ने पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है।

पटवारी ने अमेरिका के कृषि मंत्री के हालिया बयान का हवाला देते हुए भारत–अमेरिका कृषि व्यापार समझौते पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तावित समझौते के तहत अमेरिका से आयात होने वाले कृषि उत्पादों पर भारत में शून्य शुल्क लगेगा, जबकि भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले कृषि उत्पादों पर 18 प्रतिशत तक टैक्स लगाया जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे पर भारत के कृषि मंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि सरकार आखिर किस दबाव में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि यह व्यापार समझौता भारत के हितों के खिलाफ होगा, जो अब सही साबित हो रहा है। पटवारी ने कहा कि किसानों को न तो उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही एमएसपी पर सुनिश्चित खरीदी हो रही है, जिससे कृषि गहरे संकट में है।

प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अभूतपूर्व कर्ज लिया है और मध्यप्रदेश पर प्रतिदिन लगभग 213 करोड़ रुपये का कर्ज बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार पर कर्ज चुकाने के लिए प्रदेश की संपत्तियां बेचने का आरोप लगाते हुए इसे आर्थिक कुप्रबंधन का प्रतीक बताया।

पटवारी ने कई विभागों में वेतन भुगतान में देरी, अतिथि शिक्षकों के लंबित भुगतान और ओबीसी आरक्षण को रोकने के लिए सरकारी धन के दुरुपयोग का भी मुद्दा उठाया।

Next Post

सुसाइड के लिए उकसाने वाले 11 आरोपी गिरफ्तार, 3 महीने से जंगल में छिपे थे फरार आरोपी

Wed Feb 4 , 2026
भोपाल। बैरसिया थाना पुलिस ने आत्महत्या के एक मामले में युवक को उकसाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी पिछले 3 महीने से फरार चल रहे थे. मिली जानकारी के मुताबिक बैरसिया ने तीन महीने पहले मृतक वाहिद खां के आत्महत्या के मामले में मर्ग कायम कर जांच […]

You May Like

Play sound