
भोपाल। बैरसिया थाना पुलिस ने आत्महत्या के एक मामले में युवक को उकसाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी पिछले 3 महीने से फरार चल रहे थे.
मिली जानकारी के मुताबिक बैरसिया ने तीन महीने पहले मृतक वाहिद खां के आत्महत्या के मामले में मर्ग कायम कर जांच की. पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि आरोपी खालिद खां, सादिक, गुडडू, बदूद खां, वसीम खां, हबीब खां, शरीफ खां, हनीफ खां, शराफत खां, असद खां और आसिफ खां निवासीगण ग्राम झिकरियाखुर्द बैरसिया ने वाहिद खां को जमीनी विवाद को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया था.
आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर वाहिद खां ने 9 अक्टूबर को आग लगाकर आत्महत्या कर ली. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बैरसिया ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी. इस दौरान आरोपियों के अपने गांव से दूर जंगल क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी सामने आई. पुलिस टीम ने जंगल में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेजा गया.
