ग्वालियर: होली पर्व से पहले ग्वालियर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार को रोकने बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया. छह थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने समन्वित अभियान चलाकर मोहना क्षेत्र के बरसाना मोहल्ला कंजर बस्ती में दबिश दी और अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के साथ बड़ी मात्रा में कच्ची शराब जब्त की. कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में शामिल व्यक्ति मौके से फरार हो गया जबकि पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
घाटीगांव एसडीओपी शैलेंद्र शर्मा को सूचना मिली थी कि मोहना क्षेत्र की बरसाना मोहल्ला कंजर बस्ती में हाथ भट्टी से अवैध शराब तैयार कर बेची जा रही है. इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जयराज कुबेर के निर्देशन में थाना मोहना, घाटीगांव, पनिहार, आरोन, भंवरपुरा और अन्य पुलिस टीमों को संयुक्त रूप से अभियान में लगाया गया.प्रारंभिक दबिश में पुलिस को अवैध शराब नहीं मिली, लेकिन पूछताछ के दौरान पता चला कि शराब और उपकरण पास ही मौजूद पूरन आदिवासी के खेत के समीप ददोरी के हार में छिपाकर रखे गए हैं.
जब पुलिस टीम ददोरी क्षेत्र में पहुंची तो कोटरा की ओट में छिपाए गए चार बड़े प्लास्टिक ड्रम मिले. इनमें से दो ड्रम में शराब बनाने की हाथ भट्टी और उसके ढक्कन थे. साथ ही अन्य उपकरण भी बरामद हुए. प्लास्टिक के ड्रमों में करीब 200 लीटर अवैध कच्ची शराब मिली, जबकि हरे रंग के दूसरे ड्रम में लगभग 100 लीटर शराब पाई गई. इसके अलावा दो नीले प्लास्टिक ड्रम खाली मिले, जिनका उपयोग शराब संग्रहण के लिए किया जाता था
