जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत हाथीताल कॉलोनी में गूगल पर स्किन डॉक्टर का नंबर सर्च करना महंगा साबित हुआ। दरअसल जालसाजों ने डॉक्टर के अपॉइंटमेंट के नाम पर महज 10 रुपये का रजिस्ट्रेशन लिंक भेजा और झांसे में लेकर दंपत्ति के दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 4,94,601 पार कर दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मूलतः ग्राम खटखरी थाना शाहपुर, जिला मऊगंज के रहने वाले 51 वर्षीय राकेश कुमार गुप्ता वर्तमान में गोरखपुर के हाथीताल कॉलोनी में रहते हैं। उनकी पत्नी सविता गुप्ता को स्किन (त्वचा) की समस्या थी। इसी सिलसिले में राकेश अपने मोबाइल पर गूगल के जरिए किसी अच्छे स्किन डॉक्टर का नंबर तलाश रहे थे। गूगल से मिले एक नंबर पर जब उन्होंने संपर्क किया, तो थोड़ी देर बाद उन्हें एक अन्य नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि डॉक्टर से दिखाने के लिए पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
उसने राकेश के मोबाइल पर एक लिंक भेजा और कहा कि इस लिंक के जरिए 10 रुपये का भुगतान करते ही रजिस्ट्रेशन पक्का हो जाएगा। राकेश ने उस लिंक पर क्लिक करके पेमेंट करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी कारणों से वह भुगतान असफल हो गया। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस कंपनी की एक बीमा पॉलिसी ली, जिसके लिए उन्होंने यूपीआई के माध्यम से 16,500 का भुगतान किया। संभवतः इसी दौरान या पहले से हैक हो चुके डिवाइस के कारण जालसाज उनके खातों तक पहुंच गए। जालसाजों ने राकेश और उनकी पत्नी के खातों को निशाना बनाते हुए कुल 11 बार में कुल 4,94,601 पर रूपये निकाल लिए।
