बंगलादेश चुनाव: बीएनपी बनाएगी साझा सरकार; मिर्जा फखरुल बोले- आंदोलन के साथियों के साथ मिलकर चलाएंगे शासन

ढाका, 13 फरवरी (वार्ता) बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी उन सभी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाएगी, जिन्होंने अतीत में सड़कों पर एक साथ मिलकर संघर्ष किया था।

ढाका ट्रिब्यून के अनुसार उन्होंने चुनाव परिणामों के बाद अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान यह बात कही।

मिर्जा फखरुल ने कहा, “हम अपनी प्रतिबद्धताओं के प्रति हमेशा अडिग रहे हैं। हमने पहले ही कहा था कि हम उन लोगों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे जिनके साथ हमने पिछले दिनों सड़कों पर एक साथ आंदोलन किया, और हम उन्हीं के साथ मिलकर सरकार का गठन करेंगे।” उन्होंने बीएनपी की ऐतिहासिक जीत को बताते हुए कहा कि इस जीत का मूल्यांकन इस रूप में किया जाना चाहिए कि बीएनपी बंगलादेश की सबसे लोकप्रिय राजनीतिक पार्टी है।

महासचिव ने कहा कि जब से शहीद राष्ट्रपति जियाउर रहमान ने बीएनपी की स्थापना की है, पार्टी ने कभी अपनी साख नहीं खोई। बीएनपी कोई कैडर-आधारित पार्टी नहीं, बल्कि एक जन-आधारित पार्टी है और इसी चरित्र के कारण पार्टी के घोषणापत्र, विजन और राज्य सुधार के प्रस्तावों को जनता ने स्वीकार किया, जिसका परिणाम आज की शानदार जीत के रूप में सामने आया है।

जमात-ए-इस्लामी के उभार से जुड़े एक सवाल के जवाब में मिर्जा फखरुल ने इसे पिछले 15 वर्षों के फासीवादी शासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “जब भी लोकतंत्र को दबाया जाता है और उसकी आवाज को कुचला जाता है, तब चरमपंथी ताकतें सिर उठाने लगती हैं। आज जमात का जो उभार दिख रहा है, वह अवामी लीग के दमन और विपक्षी दलों को काम करने या चुनाव लड़ने की अनुमति न देने की वजह से हुआ है।”

 

 

Next Post

अमेरिका ने दिया नीदरलैंड्स को 197 रनों का लक्ष्य

Fri Feb 13 , 2026
चेन्नई, 13 फरवरी (वार्ता) साई तेजा एम (79) और शुभम रांजने (नाबाद 48) की विस्फोटक बल्लेबाजों की बदौलत अमेरिका ने शुक्रवार को टी-20 विश्वकप के 21वें मुकाबले में नीदरलैंड्स को जीत के लिए 197 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। […]

You May Like