नई इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाका, आग से मां और दो बेटियां झुलसीं

रतलाम। विंध्यवासिनी कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब 4.30 बजे घर में रखी नई इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक तेज धमाका हुआ। इसके बाद मकान में आग फैल गई। हादसे में मां और दो बेटियां झुलस गईं।

जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बिंदु कुंवर ने कुछ दिन पहले ही नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। मंगलवार रात स्कूटी को घर में चार्जिंग पर लगाया गया था। बुधवार सुबह करीब 4.30 बजे अचानक स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उस समय मकान से धुआं उठ रहा था और आग फैल चुकी थी। पड़ोसियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग की चपेट में आई बिंदु कुंवर और उनकी दो बेटियां अंतिम कुंवर व विजयलक्ष्मी को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां तीनों का उपचार जारी है। धमाके के बाद लगी आग ने मकान के भीतर रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

धमाके का कारण स्पष्ट नहीं

स्कूटी में धमाका किस कारण हुआ, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। स्कूटी के चार्जिंग पर लगे होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन धमाके और आग का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी और चार्जिंग व्यवस्था को लेकर भी जांच की जरूरत सामने आई है।

Next Post

एक्सीडेंट में घायल 35 वर्षीय युवक की मौत

Wed Aug 19 , 2026
रतलाम। नागपिपलिया में सडक़ हादसे में घायल 35 वर्षीय युवक की रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा सोमवार की शाम करीब 7.30 बजे माता जी मंदिर के पास ताल-जावरा रोड पर हुआ था। मृतक की पहचान किशोर पिता बाबुदास बैरागी, उम्र 35 वर्ष, निवासी नागपिपलिया, […]

You May Like