भोपाल। ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे की सतर्कता, साहस एक यात्री की जान बच गई और रेलवे कर्मचारियों के कर्तव्यनिष्ठ एवं संवेदनशील कार्य का उदाहरण सामने आया. प्राप्त जानकारी अनुसार गाड़ी संख्या 12753 से मनमाड़ से भोपाल के लिए सुशील पाटिल यात्रा कर रहे थे. वह इटारसी स्टेशन यार्ड में ट्रेन के रुकने पर वे पानी लेने के लिए नीचे उतरे. वापस लौटकर जब वे अपने कोच में चढ़े तो उन्हें पता चला कि उनका बैग, जिसमें नकदी, अन्य सामान और यात्रा टिकट रखा था, चोरी हो चुका है. बैग की तलाश के दौरान बीच ट्रेन चलने लगी. यात्री चलती ट्रेन के साथ गिट्टियों पर दौड़ते हुए डिब्बे में चढऩे का प्रयास करने लगे, इसी दौरान ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे ने तत्परता दिखाते हुए यात्री का हाथ पकडक़र उन्हें ऊपर खींच लिया. इस प्रयास में स्वयं ट्रेन मैनेजर भी कोच के भीतर गिर पड़े, लेकिन उन्होंने यात्री का हाथ नहीं छोड़ा और सुरक्षित अंदर खींच लिया. उनकी सूझबूझ और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि इस दौरान यात्री के पैर में चोट आ गई. ट्रेन मैनेजर ने उनका भोपाल स्टेशन पर उपचार करवाकर सकुशल घर के लिए रवाना किया. यह घटना रेलवे कर्मचारियों के कर्तव्यनिष्ठ एवं संवेदनशील कार्य का उदाहरण सामने आया.
