ग्वालियर: 14वीं वाहिनी वि. स. बल ग्वालियर के द्वारा पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए 14वीं वाहिनी के सेनानी संजीव कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा सहायक सेनानी रत्नेश तोमर के मार्गदर्शन मे मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय ग्वालियर के सहयोग से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारीज केंद्र प्रमुख राजयोगिनी बीके आदर्श दीदी तथा प्रेरक वक्ता एवं राजयोग ध्यान प्रशिक्षक बीके प्रहलाद भाई, 14 वीं वाहिनी से डॉ ओम प्रकाश वर्मा उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य तनावपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना, उनके जीवन में सकारात्मकता लाना तथा नशा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के शुभारंभ में बीके आदर्श दीदी ने नशा से दूर रहने के लिए के लिए सरल एवं व्यावहारिक उपाय बताते हुए कहा कि व्यवस्थित दिनचर्या, योग एवं ध्यान का अभ्यास हमें अपनी नियमित दिनचर्या में करना चाहिए।
दीदी ने कहा कि जब मन संतुष्ट और शक्तिशाली होता है, तब व्यक्ति को किसी भी प्रकार के नशे की आवश्यकता महसूस नहीं होती। लेकिन जब व्यक्ति के जीवन में किसी भी प्रकार कि चिंता आती है तो व्यक्ति नशे कि तरफ जाने का प्रयास करता है जबकि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह एवं गंभीरता के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। जिसमें निरीक्षक राकेश शर्मा, निज सहा. दिनेश कुमार, निरीक्षक संतोष कुमार, उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह, सतीश शर्मा, अमित सेंगर, कौशलेन्द्र शर्मा, मुरारी सिंह, ज्वाला प्रसाद, रेखा करारिया सहित लगभग एक सैकड़ा से अधिक पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
