मुरैना: पोरसा में देर रात एक कार से घर के बाहर अलाव ताप रहे पांच लोगों को कुचल दिया। ग्वालियर में भर्ती दो घायलों की मौत हो गई। हादसे में रामदत्त राठौर (65) और अर्णव उर्फ अन्नू लक्षकार (11) गंभीर रूप से घायल थे। दोनों को ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई। आज शनिवार दोपहर को पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव पोरसा लाए जा रहे हैं, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हादसे में घायल कमलेश राठौर, गिर्राज राठौर और अभिषेक तोमर का इलाज जारी है। कार पोरसा से जोटई की ओर जा रही थी। कार चालक शराब के नशे में बताया गया है। वह तेज रफ्तार के कारण कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद कार चला रहे आरोपी को भीड़ ने पकड़ लिया और जमकर पीटा। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि कुछ ही देर में आरोपी पुलिस हिरासत से भाग निकला। गुस्साए लोगों ने इसके विरोध में हाईवे पर करीब 20 मिनट तक जाम लगाया और पुलिस पर आरोपी को भगाने के आरोप लगाए।
