
रेहटी। मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में विभिन्न गांवों से सैकड़ों किसान ट्रैक्टरों के साथ रेहटी पहुंचे और कृषि उपज मंडी परिसर में सभा आयोजित कर सरकार की कृषि नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की.
सभा के बाद किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ रैली निकाली जो कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर पुन: मंडी परिसर लौटी. रैली के बाद किसानों ने मंडी के सामने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई.
प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसान प्रतिनिधियों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. किसानों की मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने जाम समाप्त किया. किसान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा. ज्ञापन में प्रमुख समस्याओं का समाधान करने और मूंग खरीदी सहित कृषि संबंधी मांगों पर निर्णय लेने की मांग की गई.
