देहरादून, (वार्ता) उत्तराखंड में चार अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मतदाता सूची में सुधार और अद्यतन के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। इसके साथ राज्य में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 72,78,035 हो गई है।
अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि अभियान के दौरान फॉर्म-7 के 6,130 आवेदनों का भी निस्तारण किया गया।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के साथ मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू किया है। इसके तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और शेष दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
इसकी प्रक्रिया 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलेगी। दावों और आपत्तियों पर सुनवाई 28 दिसंबर तक पूरी होगी तथा अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।
