
इटारसी। शहर के प्रतिष्ठित व्यापारिक संगठन द ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन में एक बार फिर भरोसे और एकजुटता की जीत हुई है। राजेंद्र अग्रवाल राजू कक्का को सर्वसम्मति से लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया है।
लोकप्रियता और मृदुभाषी स्वभाव का मिला लाभ
व्यापारियों के बीच अपनी सहज कार्यशैली, मिलनसार व्यवहार और मृदुभाषी व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले राजू कक्का के नाम पर सभी सदस्यों ने एकमत होकर मुहर लगाई। उनके पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और व्यापारियों के हितों के प्रति समर्पण को देखते हुए यह निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।
जल्द होगा नई कार्यकारिणी का गठन
अध्यक्ष चुने जाने के बाद राजेंद्र अग्रवाल ने सभी व्यापारी बंधुओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने संकेत दिए हैं कि जल्द ही संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। इस घोषणा के बाद पूरे बाजार और व्यापारी वर्ग में हर्ष की लहर है।
