
बैतूल। जिले के मुलताई क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में रविवार सुबह एक किसान के खेत में आग लगने से बड़ी नुकसान की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार किसान हेमराज चिकाने के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लगभग 4 एकड़ में फैली फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई। खेत के आसपास मौजूद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर कर्मियों की मेहनत से कुछ समय बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। उनकी तत्परता के कारण पास के खेत में रखी गेहूं की कटी फसल को बचा लिया गया, जो आग की चपेट में आने वाली थी।
इस आगजनी में किसान को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के अन्य किसानों में भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस समय खेतों में फसल तैयार खड़ी है। प्रभावित किसान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।
