इन्दौर:श्री राजपूत करणी सेना ने होलकर विज्ञान महाविद्यालय में कथित फर्जी फीस रसीद, फीस चोरी और इंटर्नशिप से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. संगठन ने दावा किया कि मामले से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य संबंधित अधिकारियों को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक निष्पक्ष और प्रभावी जांच नहीं हुई है.
प्रदेश अध्यक्ष सहेंद्र सिंह दीक्षित, जिला अध्यक्ष जयदीप सिंह चौहान और नगर अध्यक्ष नितिन पाल सिंह जादौन ने आरोप लगाया कि शिकायतें उजागर होने के बाद कॉलेज प्रशासन द्वारा शिकायतकर्ताओं और संगठन के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है. उनका कहना है कि शिकायत वापस लेने के लिए कथित तौर पर झूठे प्रकरण दर्ज कराने की कोशिश की जा रही है.
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि इंटर्नशिप प्रकरण के मुख्य जिम्मेदार व्यक्ति को प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है. करणी सेना ने यह भी आरोप लगाया कि अनियमितताओं का विरोध करने वाले विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं को डराने के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में प्रतिबंधात्मक रिस्टि्रक्शन नोटिस लगाए गए हैं. संगठन ने इसे विद्यार्थियों के अधिकारों के विपरीत बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की.
स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए
संगठन ने मांग की है कि पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एजेंसी से समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो, शिकायतकर्ताओं पर कथित दबाव और झूठी एफआईआर दर्ज कराने के प्रयासों की जांच की जाए तथा पूरी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए. करणी सेना ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और शिकायतकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करेगा.
