
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किए जाने के बाद राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया है।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 1991 बैच के आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल, जो वर्तमान में अपर मुख्य सचिव के रूप में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का दायित्व संभाल रहे हैं, उन्हें आगामी आदेश तक स्थानापन्न रूप से मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन नियुक्त किया गया है।
बर्णवाल के पास भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी है। अब वे मुख्य सचिव के रूप में राज्य प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि अनुराग जैन केंद्र सरकार में नीति आयोग के सीईओ का पद ग्रहण करेंगे।
