
ग्वालियर। पूर्व कैबिनेट मंत्री भगवानसिंह यादव ने दतिया जिला कांग्रेस के विभिन्न शाखाओं के समस्त सहकारिता प्रकोष्ठ, जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, भारतीय राष्ट्रीय छात्र के समस्त पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि कांग्रेस के समस्त वार्ड प्रभारियों को मतदान में शेष इन 8 दिनों तथा अपने घरेलू कामकाज करते हुए अपने-अपने निवास के वार्डों में ही मतदाताओं से व्यक्तिगत तौर पर संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी सेक्टर प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसम्पर्क करें और उनके सहयोग से क्षेत्र में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित होगी तभी उनको सम्मान मिलेगा। यादव ने यह भी आग्रह किया कि विधानसभा उपप्रभारी बैजनाथ कुशवाहा, 8 क्लस्टर प्रभारी सचिन यादव, जयवर्धन सिंह तथा संगठन प्रभारी दशरथ सिंह पटेल तीव्र गति से सक्रिय हों। इसके अलावा प्रदेश के प्रभारी हरीश चौधरी, सांसद संजना जाटव एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, अरुण यादव, मुकेश नायक, संगठन प्रभारी दशरथ सिंह गुर्जर, अवधेश नायक आदि भी मतदाताओं से निवेदन कर चुके हैं।
यादव ने कांग्रेस के नेताओं से आग्रह किया है कि बाहर से आने वाले वरिष्ठ नेताओं के साथ अकारण भीड़ बढ़ाकर उनके साथ रहने के बजाय वार्डों व गांवों में ही वहां के लोगों के पास जाना अधिक उचित होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की जान कार्यकर्ता ही होते हैं और चुनाव जिताना कार्यकर्ताओं पर ही निर्भर करता है। प्रत्याशी घनश्याम सिंह 3 बार विधायक होकर राज परिवार के सदस्य के रूप में नहीं बल्कि सामान्य, सौम्य एवं परिवार के एक साधारण प्रत्याशी हैं।
