नयी दिल्ली 19 नवम्बर (वार्ता) अफ़ग़ानिस्तान के उद्योग और वाणिज्य मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अज़ीज़ी का पांच दिन की आधिकारिक यात्रा पर बुधवार को यहां पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि श्री अजीजी की यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को आगे बढाना है।
पोस्ट में कहा गया है ,” उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री, अलहाज नूरुद्दीन अज़ीज़ी का भारत की आधिकारिक यात्रा पर हार्दिक स्वागत है। द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को आगे बढ़ाना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है।”
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर मुत्ताकी की अक्टूबर की भारत यात्रा के बाद हो रही श्री अजीजी की यात्रा को दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के बढते दायरे की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति के रूप में देखा जा रहा है। यात्रा के दौरान उनकी भारत के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुलाकात और बातचीत की संभावना है।
श्री मुत्ताकी की यात्रा के बाद भारत ने काबुल स्थित अपने तकनीकी मिशन का पूर्ण दूतावास का दर्जा बहाल कर दिया था। अफगानिस्तान में 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से वहां के मंत्रियों की पहली बार भारत यात्रा हो रही है।

