जबलपुर: न्यू रामनगर अमखेरा स्थित विजय श्री इंटरप्राइजेज ने सोची-समझी साजिश रची। नामी ब्रांड की नकल कर बाजार में डुप्लीकेट पैकेज्ड फूड खपाये जा रहे थे । ब्रांडेड के नाम परनकली कुरकुरे-चिप्स, नमकीन बेचा जा रहा था। अधारताल पुलिस ने ब्रांडेड खाद्य सामग्री की हुबहू नकल कर बाजार में नकली माल खपाने वाले फर्म संचालक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टेमरभीटा रोड गोराबजार निवासी विनोद उपाध्याय (50) ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी फर्म मेसर्स गंगा फूड्स पिछले 12 वर्षों से विभिन्न प्रकार के पैकेज्ड फूड (कुरकुरे, चिप्स और नमकीन) का निर्माण कर रही है। गुणवत्ता बेहतर होने के कारण बाजार में उनके रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क ब्रांड एक्टिवा की भारी मांग है और ग्राहक दुकानों पर इसी नाम से उत्पाद मांगते हैं।
इस ब्रांड की लोकप्रियता का नाजायज फायदा उठाने के लिए जगदीश परिसर खजरी खिरिया बाईपास के पास, न्यू रामनगर अमखेरा स्थित विजय श्री इंटरप्राइजेज ने एक सोची-समझी साजिश रची। फर्म ने अनुचित लाभ कमाने की नीयत से असली प्रॉडक्ट्स की हुबहू नकल तैयार की और बाजार में डुप्लीकेट माल सप्लाई करना शुरू कर दिया। इससे न सिर्फ ग्राहकों और दुकानदारों के साथ धोखा हो रहा था, बल्कि मूल कंपनी की साख भी खराब हो रही थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान विनोद उपाध्याय और योगेश उपाध्याय के बयान दर्ज किए गए। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस के समक्ष अपने असली ट्रेडमार्क व कॉपीराइट के कानूनी दस्तावेज और बाजार से जुटाए गए डुप्लीकेट प्रोडक्ट्स के नमूने साक्ष्य के तौर पर पेश किए। जिसके बाद पुलिस ने जालसाजी करने वाली फर्म के संचालक आरोपी आकाश गौतम निवासी न्यू रामनगर, अनमोल हाइट्स के सामने, अधारताल के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
