
दमोह, पारसनाथ महिला जैन मिलन, टंडन बगीचा शाखा, क्षेत्र क्रमांक 10 द्वारा श्रुत पंचमी के पावन अवसर पर जाप अनुष्ठान में सहभागिता करने वाले वीरांगना बहनों एवं समाजजनों के सम्मान समारोह का आयोजन श्री दिगंबर जैन बड़े मंदिर जी में किया गया। समारोह में 51 अथवा उससे अधिक जाप करने वाले सभी साधकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात महावीर प्रार्थना एवं अतिथियों के सम्मान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीरांगना कविता जी, क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतिवीर दिलेश चौधरी जी तथा क्षेत्रीय कोऑर्डिनेटर अतिवीर ऋषभ जैन जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
क्षेत्रीय अध्यक्ष कविता जी ने अपने उद्बोधन में महिला जैन मिलन संस्था द्वारा सामाजिक एवं सेवा कार्यों में धनराशि के सदुपयोग तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वहीं क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलेश चौधरी जी ने श्री दिगंबर जैन बड़े मंदिर जी में भी महिला जैन मिलन की शाखा गठित करने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किया। इस पर उपस्थित महिलाओं ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
इसके बाद सम्मान समारोह प्रारंभ हुआ। पारसनाथ महिला जैन मिलन शाखा द्वारा जाप अनुष्ठान में 51 एवं उससे अधिक जाप करने वाले सभी साधकों का सम्मान करते हुए तुलसी का पौधा गमले सहित उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। शाखा ने जाप की संख्या बताने वाले सभी साधकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन वीरांगना सारिका ने किया, जबकि अंत में शाखा अध्यक्ष वीरांगना रेखा ने सभी अतिथियों, साधकों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष वीरांगना रेखा, सह मंत्री वीरांगना नीलू, सह कोषाध्यक्ष वीरांगना सारिका सहित वंदना, आशा, सविता, कविता, प्रमिला, संगीता आदि वीरांगनाओं की उपस्थिति रही। समारोह धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
